ऐतरेय ब्राह्मण का बहुश्रुत मन्त्र है चरैवेति...चरैवेति. जो सभ्यताएं चलती रही उन्होंने विकास किया, जो बैठी रहीं वे वहीँ रुक गयी. जल यदि बहता नहीं है, एक ही स्थान पर ठहर जाता है तो सड़ांध मारने लगता है. इसीलिये भगवान बुद्ध ने भी अपने शिष्यों से कहा चरत भिख्वे चरत...सूरज रोज़ उगता है, अस्त होता है फिर से उदय होने के लिए. हर नयी भोर जीवन के उजास का सन्देश है.

...तो आइये, हम भी चलें...

Sunday, March 31, 2024

'कलाओं की अंतर्दृष्टि' पर '​दैनिक ट्रिब्यून' में...

"...भारतीय दृष्टि इस पुस्तक का वह प्राणतत्व है जो इसे जिज्ञासुओं के लिए अनिवार्यत: पठनीय बना देता है।

 ...मूल्यवान और गंभीर कृति।...

कुल 23 अत्यन्त चिंतनपरक निबंधों में लेखक ने भारतीय कलाओं के विभिन्न पहलुओं पर प्रामाणिक दृष्टि से विचार किया है।..."

--योगेन्द्र नाथ शर्मा 'अरुण', वरिष्ठ आलोचक 




हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, राजस्थान के स्थापना दिवस पर मुख्य व्याख्यान

हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, राजस्थान के स्थापना दिवस पर 'पत्रकारिता, पत्रकारिता शिक्षा और मानवीय मूल्य' पर मुख्य व्याख्यान के लिए आमंत्रित था। सुखद था, विद्यार्थियों ने इस विषय में सुनने में रुचि ली... 

पत्रकारिता, पत्रकारिता शिक्षा और मानवीय मूल्य- पर मुख्य व्याख्यान


विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. सुधि राजीव, कुलसचिव श्री गौरव बजाड़ संग


"नवनीत" में "कलाओं की अंतर्दृष्टि"

नवनीत, फरवरी 2024 
 "नवनीत" पत्रिका के फरवरी 2024 अंक में

"कलाओं की अंतर्दृष्टि" पुस्तक पर ...


"...ब्रिटिश काल के बाद कलाओं में पश्चिम के सिद्धान्तों, अवधारणाओं में ही कलाएं समझी और परखी जाती रही है।


यह पुस्तक इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है कि इसमें कलाओं की भारतीय अंतर्दृष्टि पर मौलिक चिंतन और मनन है।

भारतीय मूर्तिकला, शिल्प, चित्रकला, संगीत, नृत्य, नाट्य, वास्तु कलाओं के सूक्ष्म तत्वों में ले जाते हुए लेखक इनमें निहित आंतरिक उजास से पाठकों को जोड़ता है।

यह पुस्तक भरतमुनि के नाट्यशास्त्र, विष्णुधर्मोत्तर पुराण, शुक्रनीति आदि के महत्वपूर्ण संदर्भ लिए है।

कलाओं में सौंदर्य बोध, कलाओं में श्लील-अश्लील, मूर्त-अमूर्त, योग के राग बोध, लोक और शास्त्रीय कलाओं के भेद के साथ ही इसमें कलाओं के अन्तः संबंधों और कला-संस्कृति की विचार विरासत पर लेखक की अपनी मौलिक स्थापनाएं हैं।"



Wednesday, March 13, 2024

दूरदर्शन के लोकप्रिय कार्यक्रम 'संवाद' में

 दूरदर्शन के लोकप्रिय कार्यक्रम 'संवाद' में इस बार

प्रख्यात ध्रुवपद गायिका डॉ. मधु भट्ट तैलंग से 

यह साक्षात्कार प्रसारित होगा 15 मार्च 2024 को



जीवन में क्यों है जरूरत कला—संस्कृति की


'राजस्थान पत्रिका' में इस बार...

कला और संस्कृति दो शब्द हैं पर दोनों में महीन भेद है। 

संस्कृति जीवन जीने का ढंग, हमारा स्वभाव है और कलाएं उसकी अभिव्यक्ति...



Saturday, March 2, 2024

आदिवर्त में समाया लोक—आलोक

 

कलाएं ईश्वर—रची सृष्टि में सब—कुछ रच सकने की क्षमता की छाया है। काल—बोध का रूपायन है। काल और कलाओं में यही महीन भेद है कि काल जीवन के सभी सूत्रों से हमें तोड़ देता हैं और कलाएं टूटे जीवन—सूत्रों को सहेजकर स्मृति की लूंठी—लय में सृजन की अनंत संभावनाओं से साक्षात् कराती है। काल को स्वीकार करके ही तो उसका अतिक्रमण किया जा सकता है।  कुछ दिन पहले 50 वें खजुराहो नृत्य समारोह में व्याख्यान देने जाना हुआ तो वहीं बने सांस्कृतिक गांव—आदिवर्त भी जाने का संयोग हुआ। लगा काल और कला-बोध का भी अनायास बहुत कुछ महत्वपूर्ण संजो लिया है।  

आदिवर्त में प्रवेश करते ही काष्ठ शिल्प में शिव—शक्ति की विरल प्रतिमा से साक्षात हुआ। एक ओर जटाधारी शिव दूसरी ओर उसी प्रतिमा का शक्ति रूप। पता चला, शैव और शाक्त परम्परा के अंतर्गत मध्यप्रदेश की लगभग सभी जनजातियों में शिव और शक्ति कहीं बड़ा देव, लिंगो देव, ठाकुर देव और बाबदेव आदि हैं तो देवी को बूढ़ी दाई, बूढ़ी माई, खैर महारानी ओर बड़की दाई आदि के रूप में पूजा जाता है। धरती किससे है? शिव और शक्ति से ही तो! सांस्कृतिक गांव आदिवर्त में शिव—शक्ति से सभी जीव—जंतुओं के पैदा होने और फिर उन्हीं में समाहित होने की लोक मान्यता का विरल रूपायन है।  यहीं पास ही 'सरग नसैनी' का भी कला—रूप है। स्वर्ग तक ले जानी वाली यह सीढ़ी तलवार की धार लिए है। स्वर्ग तक पहुंचने का मार्ग आसान कहां है! महाभारत के अंतिम पर्व, स्वर्गारोहण में पांडवों द्वारा धरती छोड़ स्वर्ग की यात्रा पर निकलने की कथा है। इसमें सबको छोड़ श्वान ही स्वर्ग तक पहुंचने का संदर्भ है। गोण्ड आदिवासियों में प्रचलित महाभारत के द्रोपदी स्वयंवर प्रसंग में अर्जुन ने अगरिया द्वारा बनाई गई सरग नसैनी पर चढ़कर ऊपर बैठी किलकिला चिड़िया और नीचे तैरती राधोमनसा मछली को एक ही तीर से भेद कर जीता था।

ऐसे ही लोक मान्यताओं के कला—रूपों से साक्षात् कराते सांस्कृतिक गांव आदिवर्त में कोरकू समुदाय में मृतक की स्मृति में मण्डो बनाने के रिवाज को भी जींवत किया गया है। सागौन की लकड़ी पर मृतक से जुड़े हुए चित्र और चांद—सूरज, पत्ते, फूल, पशु—पक्षी आदि की आकृतियां यहां है।  कौल जनजाति में कलात्मक सौंदर्य लिए मृतक स्मृति में बनने वाले स्तंभ भी यहां है तो दीये की लौ में प्रत्येक क्षण सूर्य में समाहित होने वाले जीवन के भी सुंदर रूपाकार आदिवासी कलाकारों ने यहां सिरजे हैं। यहां पर 'सृष्टि—कला', 'बाबदेव' सहित जनजातीय कलाओं के बहुविध रूपों में जनजातीय कलाओं की आधुनिक संस्थापन दृष्टि देखकर भी अचरज हुआ। लगा, लोक में शास्त्रीयता के बीज आधुनिक दृष्टि में इसी तरह समाए हैं। नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक से उसके सागर में मिलने की यात्रा भी यहां है। यह नर्मदा के पवित्र तटों पर रहने वाले लोगों, वहां मनाए जाने वाले पर्व—त्योहांरो,  उत्सव—यज्ञ और अनुष्ठानों की स्वयमेव दृष्टि—यात्रा ही तो है।

लोक और जनजातीय कलाएं हूबहू में व्यंजित नहीं हैं। वहां अलंकारों और प्रतीक—बिम्बों का आलोक हर ओर है। वैसे भी कला का अर्थ ज्यों का त्यों निरूपण नहीं होता है। कलाएं स्मृति में रचे—बसे जीवन के सार को हमारे समक्ष उद्घाटित करती है। जनजातीय जीवन कलाओं से किसी भी स्तर पर अछूता नहीं है। इसीलिए सांस्कृतिक गावं आदिवर्त में गोंड, बैगा, भील, भारिया, कोरकू, कोल एवं सहरिया जनजातियों के जो घर वहीं रहने वाले कलाकारों ने बनाए हैं, वह जीवनोपयोगी वस्तुओं के साथ काल से जुड़े उनके कला—बोध को भी दर्शाते हैं। आदिवर्त संग्रहालय भर नहीं है, यह कलाओं के जरिए काल—बोध का रूपांकन है। क्या ही अच्छा हो,  लोक और हमारी जनजातीय संस्कृति को सहेजने में संग्रहालयों को इसी रूप में जीवंत करने का प्रयास देशभर में हो। इसी से हम जनजातीय और लोक कलाओं में समाए जीवन के जरिए कलाओं की सौंदर्य दृष्टि से जुड़ सकेंगें।