ऐतरेय ब्राह्मण का बहुश्रुत मन्त्र है चरैवेति...चरैवेति. जो सभ्यताएं चलती रही उन्होंने विकास किया, जो बैठी रहीं वे वहीँ रुक गयी. जल यदि बहता नहीं है, एक ही स्थान पर ठहर जाता है तो सड़ांध मारने लगता है. इसीलिये भगवान बुद्ध ने भी अपने शिष्यों से कहा चरत भिख्वे चरत...सूरज रोज़ उगता है, अस्त होता है फिर से उदय होने के लिए. हर नयी भोर जीवन के उजास का सन्देश है.

...तो आइये, हम भी चलें...

Saturday, February 8, 2025

कलाओं से रसिकता जगाती पुस्तकें

 

पत्रिका, 8 फरवरी 2025

राजधानी दिल्ली में चल रहा विश्व पुस्तक मेला रविवार को संपन्न हो जाएगा। विश्व पुस्तक मेले का इस अर्थ में विशेष महत्व है कि वहां तलाशने पर कलाओं पर दुर्लभ और स्तरीय पुस्तकें भी मिल जाती है। अव्वल तो कलाओं पर पुस्तकें ही बहुत कम हैं। जो थोड़ी बहुत प्रकाशित होती है वह या तो अकादमिक घेरे में पाठ्य पुस्तकों सरीखी होती हैं या फिर अंग्रेजी का खराब अनुवाद लगती इतनी बोझिल होती है कि उन्हें पढ़कर कलाओं से रसिकता की बजाय विरक्ति अधिक होती है। 

कोई भी पुस्तक यदि सूचनात्मक ही है तो उसके प्रकाशन का कोई अर्थ नहीं है। पुस्तकें यदि कलाओं के प्रति रसिकता जगाती है, कलाकारों को समझने में मदद करती है और बजरिए शब्द, कलाओं से संवाद कराती है, तभी उनकी सार्थकता है। इस दृष्टि से कुछ समय पहले पढ़ी अशोक जमनानी की 'मेरे स्पिक मैके के दिन' महत्वपूर्ण है। पुस्तक नहीं असल में यह कलाओं में रचे—बसे मन की रस—गाथा है। कहने को संस्मरण, पर भारतीय संगीत, नृत्य, नाट्य में गूंथी सुगंध इसमें समाई है। किस्से—कहानियों, अनुभूतियों की आंच में इसे पढ़ते अनायास ही मन नृत्य की भंगिमाओं, घुंघुरूओं के गान, संगीत की स्वर लहरियों और लोक के आलोक में नहाने लगता है। शब्द—शब्द कला—दृश्य लिए इसमें रूद्र वीणा की विरल गमक है तो 'गुरु' शब्द में समाए गुरुकुल का वह मथा अर्थ भी है जिसमें कोई कलाकार प्रस्तुति में ही नहीं आचरण में भी आदर्श की स्थापना करे। कला और कलाकारों के अनछूए पहलुओं संग कला—रसिक मन इसमें पढ़ने वालों से बतियाता है। 

नर्मदा प्रसाद उपाध्याय ने इधर भारतीय लघु चित्र शैलियों को अपने लिखे से पुनर्नवा किया है। उनकी कला—व्याख्याएं इसलिए भी लुभाती है कि वहां पर कहन का लालित्य है। कला—सौंदर्य में रचे—बसे मन से उन्होंने भारतीय कलाकृतियों में राधा के रूपांकन पर महती कार्य करते 'राधा—रूपायन' जैसी महती कृति हमें सौंपी है तो 'भारतीय कला और अंतरानुशासन' जैसी पुस्तक के जरिए कलाओं के अंत:संबंधों के साथ उनकी सूक्ष्म तत्व विवेचना की है। पहाड़ी चित्र शैली के अप्रतिम कलाकार नैनसुख पर और 'गीत गोविंद' के आलोक में लघु चित्र शैलियों की भारतीय परम्परा पर उनका काम कला—लेखन को नए आयाम देने वाला है।

अशोक भौमिक बहुत अच्छे कलाकार हैं। उनकी कला—दृष्टि और चिंतन भी मन को मथता है। उनकी दो कला—पुस्तकें 'भारतीय चित्रकला का सच' और 'चित्रकला, चित्र और चित्रकार' पठनीय और मननीय हैं। कलाकृति में निहित तत्वों, विषय की सांगोपांग विवेचना संग इनमें कला—समीक्षा की धुंध से परदा उठाते कला—चिंतन की नई राहों से भी अनायास साक्षात् हुआ जा सकता है। 'भारतीय चित्रकला का सच' किताब में कलाओं की भारतीय परम्परा के निहितार्थ तो है ही, चित्र और मूर्ति में 'कथा' के बहाने उनके गूढ़ तत्वों की सहज, सरस व्याख्या में उनका गहन अध्ययन संपन्न करता है। यहां कला-परम्परा के बहाने उनकी आधुनिकी के स्वर भी लुभाते हैं। 

हिंदी में साक्षात्कार पुस्तकें तो बहुत हैं परन्तु वे कलाकार और उनकी कलाओं को लेकर कोई धारणा नहीं बनने देती। इस दृष्टि से विनय उपाध्याय ने इधर महती कार्य किया है। उनकी पुस्तक 'सफ़ह पर आवाज' में साहित्य और संस्कृति की जीवंत महक है। गीतकार नीरज के बहाने वह फिल्मी गीतों को लोकगीत कहे जाने का मर्म हमें समझाते है तो पंडित शिवकुमार शर्मा की संतुर साधना, किशोरी अमोणकर के सुरीलेपन और कहन की बेबाकी संग हबीब तनवीर के नाटकों की लोक—आभा में कलाओं की उर्वरता में जीवन के न भुल सकने वाले बिम्ब हमें सौंपते हैं। 

कलाओं की स्तरीय पुस्तकों के अभाव के इस दौर में कवि, संस्कृतिकर्मी अशोक वाजपेयी की पहल पर पिछले कुछ समय के दौरान महती प्रयास हुए हैं। ख्यातनाम चित्रकार सैयद हैदर रज़ा के स्मृति आलोक में उन्होंने 'रज़ा पुस्तकमाला' के तहत स्तरीय कला—पुस्तकें ही प्रकाशित नही की है, दूसरी भाषाओं की विरल पुस्तकों के भी अनुवाद भी पाठकों को सौंपे हैं। इस शृंखला की पीयूष दईया के सह—संपादन में प्रकाशित पुस्तकों की चर्चा फिर कभी करूंगा।




No comments:

Post a Comment